गोगा म्हाड़ी मेले को लेकर यातायात डायवर्जन, मानकमऊ से नकुड़ मार्ग पर वाहनों की एंट्री बंद

20/21 सितंबर की मध्यरात्रि से 23 सितंबर रात तक लागू रहेगा डायवर्जन, गंगोह-नकुड़ की ओर जाने वाले वाहन बाईपास से होंगे संचालित

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। मानकमऊ स्थित जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर 21 सितंबर से शुरू होने वाले म्हाड़ी मेले को देखते हुए यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू करने की घोषणा की है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नकुड़-सहारनपुर मार्ग पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार डायवर्जन 20/21 सितंबर की रात 12 बजे से लागू होकर 23 सितंबर की रात 12 बजे तक, यानी मेला समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान मानकमऊ क्षेत्र से नकुड़ और गंगोह मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

गंगोह, नकुड़ और अंबेहटा की ओर से सहारनपुर आने वाले हल्के और भारी वाहनों को कुम्हारहेड़ा बाईपास कट से सरसावा की ओर अथवा चुनहेटी कट बाईपास से शहर के बाहर की ओर संचालित किया जाएगा। कुम्हारहेड़ा बाईपास कट से मानकमऊ और शहर क्षेत्र की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इसी तरह सहारनपुर शहर एवं बाहरी क्षेत्र से नकुड़, अंबेहटा और गंगोह की ओर जाने वाले वाहनों को सरसावा तथा दिल्ली रोड स्थित चुनहेटी बाईपास कट के रास्ते भेजा जाएगा। मानकमऊ से गंगोह-नकुड़ रोड की ओर किसी भी प्रकार के वाहन का संचालन नहीं हो सकेगा।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मेले के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने का प्रयास न करें। पुलिस का कहना है कि डायवर्जन का उद्देश्य मेले के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य