गय्यूर मलिक
सहारनपुर। थाना मिर्जापुर क्षेत्र में आयोजित प्रसिद्ध माता शाकुंभरी देवी झंडा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आई। थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार ने पुलिस टीम के साथ मेला क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस टीम ने मेले में पहुंच रहे श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने, अपने सामान और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस दौरान पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं को पानी और जलपान भी उपलब्ध कराया। पुलिस की ओर से की गई इस पहल से मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने राहत महसूस की। सेवा भाव के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए इस प्रयास से श्रद्धालुओं के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक भावना का संदेश गया।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस टीम लगातार मेला क्षेत्र में निगरानी कर रही है और श्रद्धालुओं से भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की जा रही है। सहारनपुर पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और सुगम दर्शन में सहयोग के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।








