शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विश्व जैन संगठन, सहारनपुर द्वारा जैन समाज के गौरवशाली इतिहास एवं प्राचीन विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म तमिल जैनस-माइनोरिटी विदन माइनोरिटी की प्रथम स्क्रीनिंग जैन अतिथि भवन आवास विकास में आयोजित की गई। कवि सजल जैन की जिओ जैनिज्म टीम द्वारा निर्मित इस डॉक्यूमेंट्री में तमिलनाडु की लगभग 2300 वर्ष प्राचीन जैन विरासत, प्राचीन मंदिरों, शिलालेखों तथा जैन संस्कृति के इतिहास को प्रस्तुत किया गया है। डॉक्यूमेंट्री में तमिलनाडु में जैन समाज के प्राचीन वैभव से लेकर वर्तमान स्थिति तक की जानकारी दी गई। दर्शकों को वहां की ऐतिहासिक जैन धरोहरों और मंदिरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ, जो श्रीमती अंजना जैन धर्मपत्नी प्रवीण कुमार जैन रामपुर वाले एवं नरेंद्र कुमार जैन ट्रांसपोर्ट वाले परिवार द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि जैन समाज संरक्षक एवम पूर्व महानगर भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन रहे। जैन समाज आवास विकास कमेटी द्वारा मंच का उद्घाटन किया गया। जिनवाणी मंगलाचरण के पश्चात डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण किया गया। फिल्म देखने के लिए बुजुर्गों, युवाओं, बच्चों एवं मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। डॉक्यूमेंट्री समाप्त होने के बाद दर्शकों ने इसकी सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया तथा पुनः प्रसारण कराने का आग्रह किया। विश्व जैन संगठन के अध्यक्ष अरिहंत जैन ने कहा कि जैन समाज की प्राचीन ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। ऐसी डॉक्यूमेंट्री युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस अवसर पर विश्व जैन संगठन के कार्यकारी सदस्य आयुष जैन, जितेंद्र जैन, विनीत जैन, प्रियांक जैन, ऋषभ जैन, नमन जैन, आशीष जैन, आयुष चंद्र, हर्ष जैन, अभिषेक जैन ननोता, अंकुर जैन, एकांश जैन सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








