प्रमोद शर्मा
छुटमलपुर। फतेहपुर थाने के सामने से खनन सामग्री से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां छोड़े जाने के मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि चमारीखेड़ा के निकट डंपरों से बड़े पैमाने पर मिट्टी भराई का एक और मामला सामने आ गया। मिट्टी भराई से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई डंपर एक चारदीवारी वाले बड़े भूखंड में मिट्टी डालते दिखाई दे रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद पुलिस और खनन विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर मिट्टी भराई दिखाई दे रही है, वह दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर छुटमलपुर कट से बडकला फ्लाईओवर की ओर करीब 150 मीटर की दूरी पर सर्विस रोड के किनारे स्थित है। संबंधित भूखंड करीब 20 बीघे में फैला बताया जा रहा है। हालांकि भूखंड और मिट्टी भराई से संबंधित वास्तविक स्थिति संबंधित विभागों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इसी क्षेत्र में बीती रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच फतेहपुर पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ होने की जानकारी सामने आई थी। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किए जाने की बात बताई गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम करीब 9:30 बजे से 11 बजे तक क्षेत्र में वाहन चेकिंग के लिए मौजूद थी। इसी दौरान डंपरों से मिट्टी भराई किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में डंपर कलसिया-फतेहपुर मार्ग से होते हुए छुटमलपुर मुख्य बाजार की ओर और वहां से चमारीखेड़ा-छुटमलपुर कट की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में डंपरों के मौके पर पहुंचने का समय भी करीब 10:30 बजे के आसपास बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल यह है कि जब पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और मुठभेड़ की कार्रवाई के लिए मौजूद थी, उस दौरान मिट्टी से भरे डंपर वहां से गुजरे तो क्या उनकी जांच की गई थी।
इसके साथ ही यह भी जांच का विषय है कि संबंधित डंपरों के पास मिट्टी की ढुलाई और भराई से संबंधित वैध अनुमति एवं आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे या नहीं। यदि मिट्टी भराई नियमानुसार अनुमति लेकर की जा रही थी तो अनुमति संबंधी दस्तावेजों और भराई स्थल की वैधानिक स्थिति की जांच किया जाना जरूरी है। वहीं, यदि बिना अनुमति के मिट्टी भराई किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित विभागों की ओर से नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता होगी।
इससे पहले फतेहपुर थाने के सामने से खनन सामग्री से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां छोड़े जाने के मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी है। इस मामले की जांच पूरी होने से पहले ही डंपरों से मिट्टी भराई का वीडियो सामने आने से पुलिस और खनन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर चर्चा शुरू हो गई है। अब वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे डंपरों, उनके दस्तावेजों और मिट्टी भराई वाले स्थल की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि मौके पर गतिविधि वैध अनुमति के तहत थी या नियमों का उल्लंघन किया गया।








