शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सहारनपुर यातायात पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। यातायात निदेशालय के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस द्वारा मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, अनाधिकृत हॉर्न सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले 650 से अधिक वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। इन मामलों में 65 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है, जबकि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 275 वाहनों को सीज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना है।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को अनधिकृत मॉडिफिकेशन और मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी जा रही है। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न या अन्य अनधिकृत हॉर्न का प्रयोग नहीं करने तथा अनावश्यक रूप से हॉर्न न बजाने की अपील की गई है।
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने को कहा है। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस के मुताबिक सड़क पर वाहन चलाते समय चालक को अपनी सुरक्षा के साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।








