शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की स्मृति में नकुड़ रोड स्थित ग्राम मानकमऊ के म्हाड़ी स्थल पर तीन दिवसीय छड़ी मेले के दूसरे दिन भी म्हाड़ी स्थल पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा। श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर जाहरवीर गोगा जी महाराज की म्हाड़ी पर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त कर अपनी मन्नतें मांगीं। श्रद्धालु छड़ी के प्रतीकात्मक निशान चढ़ाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मेले में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले स्थल पर पुलिस और पीएसी के साथ अर्द्धसैनिक बल के जवान भी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए सादी वर्दी में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं के बीच निगरानी कर रहे हैं। पूरे मेला परिसर की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।








