शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के यूपी-राइज 2026 (युवा शक्ति थिंक टैंक) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवा नवाचारकर्ताओं ने अपने नए विचारों, प्रोटोटाइप एवं स्टार्टअप अवधारणाओं का प्रस्तुतीकरण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई. ने विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए गए टैबलेट एवं स्मार्टफोन का उपयोग ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक कार्यों में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिलने पर युवा अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार ने युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में करीब 12 नवाचारकर्ताओं ने अपने नवीन विचार एवं स्टार्टअप मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों को उद्योग विशेषज्ञों एवं संबंधित हितधारकों के समक्ष अपने आइडिया रखने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में सुश्री सुभावरी विजेता रहीं, जिन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि श्री आशीष कुमार रनरअप रहे। कार्यक्रम में सामग्री निर्माता आदित्य गौतम अतिथि के रूप में मौजूद रहे। एंकर की भूमिका सलोनी कर्ण, जबकि शोरनर की भूमिका शाश्वत खन्ना ने निभाई। कार्यक्रम के समन्वय में सैयद, उज्जवल सिंह, आशी भारद्वाज और पंकज सिंह का योगदान
रहा








