फैय्याज अली आब्दी
नानौता। नगर के मोहल्ला चाहमंजली कोट में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ससुराल आए एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पत्नी की मौत हो गई, जबकि आरोपी पति ने भी अपने गले पर चाकू से वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार गजाला पुत्री इस्लाम शाह अपने पति इरफान के साथ अपनी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थी। बताया गया कि करीब 15 वर्ष पूर्व गजाला और इरफान का विवाह हुआ था। 21 तारीख को दोनों अपनी साली की शादी के सिलसिले में यहां पहुंचे थे। गुरुवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसके बाद इरफान ने कथित रूप से गजाला के गले पर चाकू से वार कर दिया और बाद में अपने गले पर भी चाकू चला लिया।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानौता पहुंचाया। चिकित्सकों ने गजाला को मृत घोषित कर दिया, जबकि इरफान को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास चारण पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों से जानकारी जुटा रही है। समाचार लिखे जाने तक घटना को लेकर पुलिस बल मौके पर तैनात था। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।








