UP International Trade Show 2026: डीएम ने सहारनपुर के उद्यमियों से भाग लेने की अपील की

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने सहारनपुर के उद्यमियों, व्यवसायियों और कृषि उद्यमियों से भाग लेने की अपील की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों की वैश्विक पहचान और निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एवं मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जनपद के उद्यमियों, शिक्षाविदों, व्यवसायियों और कृषि उद्यमियों से इस आयोजन में प्रतिभाग करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रेड शो के माध्यम से उत्तर प्रदेश में उद्योग, कृषि, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में हुए नवाचारों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जनपद के उद्यमियों एवं व्यवसायियों को इसमें भाग लेकर नए व्यापारिक अवसरों, निवेश संभावनाओं और वैश्विक बाजारों से जुड़ने का लाभ उठाना चाहिए।

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का यह चौथा संस्करण 36 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। इसमें लगभग 2,400 प्रदर्शकों के माध्यम से एक जिला एक उत्पाद, एक जिला एक व्यंजन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, भौगोलिक संकेतक उत्पाद, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, स्वास्थ्य, फार्मा, पर्यटन और बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों को वैश्विक मंच प्रदान किया जाएगा।

आयोजन में 88 देशों की भागीदारी, 604 अंतरराष्ट्रीय खरीदार और छह सहभागी देशों की मौजूदगी प्रमुख आकर्षण होंगे। ऑस्ट्रिया, बेलारूस, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम सहभागी देशों के रूप में शामिल होंगे। विदेशी खरीदारों और निवेशकों के साथ आमने-सामने बैठकें, व्यापारिक संवाद, देश सत्र, ज्ञान सत्र तथा क्षेत्रीय गोलमेज बैठकें आयोजित की जाएंगी। इससे प्रदेश के उद्यमियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और निर्यात की संभावनाओं को विस्तार देने का अवसर मिलेगा।

इस बार एक जिला एक व्यंजन योजना पर विशेष ध्यान दिया गया है। विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग के लिए विशेष मंडप, फूड काउंटर, 155 स्टॉल और ‘स्वाद उत्तर प्रदेश फूड जोन’ तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा एक जिला एक उत्पाद तथा भौगोलिक संकेतक उत्पादों के लिए भी विशेष प्रदर्शनी क्षेत्र बनाया जाएगा।

ट्रेड शो के दौरान तकनीक, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, फार्मा, मेडटेक, ऑटो-ईवी, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, निर्यात, ई-कॉमर्स और डिजिटल बाजार पहुंच जैसे विषयों पर विशेष सत्र होंगे। 25 सितंबर को उद्घाटन एवं पूर्ण सत्र के साथ विदेशी खरीदार संवाद, वियतनाम देश सत्र, खाद्य महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 26 सितंबर को प्रौद्योगिकी एवं व्यापार से संबंधित सत्र होंगे, जबकि 27 सितंबर को एमएसएमई, एक जिला एक उत्पाद, निर्यात, ई-कॉमर्स, कारीगरों, बुनकरों और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

28 सितंबर को शासन, वित्त, निर्यात, विनिर्माण, श्रम संहिता, बीमा, किसान उत्पादक संगठनों और सरकारी योजनाओं से संबंधित सत्र आयोजित किए जाएंगे। 29 सितंबर को समापन समारोह, समझौता ज्ञापनों की घोषणा, प्रदर्शक पुरस्कार तथा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन स्कूल-कॉलेजों के कार्यक्रम और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित गोलमेज बैठकें भी प्रस्तावित हैं।

आगंतुकों की सुविधा के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 530 बसों सहित मेट्रो, टैक्सी और ऑटो की व्यवस्था की गई है। प्रवेश के लिए गेट संख्या 3 से 8 तक की व्यवस्था रहेगी, जबकि गेट 9, 12 और एनएसएसटीए में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। सुरक्षा, अग्निशमन, चिकित्सा, स्वच्छता, सीसीटीवी, जन उद्घोषणा प्रणाली, नियंत्रण कक्ष और अन्य जनसुविधाओं की व्यवस्था जिला प्रशासन एवं पुलिस कमिश्नरेट के समन्वय से की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य