शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 के अंतर्गत जनपद सहारनपुर में मंगलवार को दोनों पालियों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुईं। जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी एवं प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखा गया। प्रथम पाली में हाईस्कूल एनसीसी विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत 6 परीक्षार्थियों के सापेक्ष सभी 6 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट कृषि वनस्पति विज्ञान भाग-1 एवं कृषि अर्थशास्त्र भाग-2 विषय की परीक्षा में पंजीकृत 652 परीक्षार्थियों में से 636 उपस्थित रहे, जबकि 16 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा में पंजीकृत 5715 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 5517 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 198 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट को मिलाकर कुल 6373 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 6159 उपस्थित रहे, जबकि 214 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली की परीक्षाएं जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों तथा द्वितीय पाली की परीक्षा 86 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर तैनात रहे। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पांच विभागीय सचल दलों द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारी अंकुर वर्मा, डिप्टी कलेक्टर ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम एवं मॉनिटरिंग सेल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार पाठक ने बताया कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। किसी भी परीक्षार्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए नहीं पकड़ा गया। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के सीलबंद बंडल संकलन एवं उप-संकलन केंद्रों पर निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के साथ जमा करा दिए गए।








