शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन शुरू किया गया। इसी क्रम में रामपुर मनिहारान क्षेत्र के सुनहेटी खड़खड़ी में विधायक देवेंद्र निम ने स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया।

वहीं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अंबेडकर स्टेडियम स्थित जूडो क्लब में मेगा रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएल अरोड़ा, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष योग चुग, भाजपा कोषाध्यक्ष मानवेंद्र भारद्वाज और महानगर उपाध्यक्ष सूरज शुक्ला मौजूद रहे।
पुंवारका ब्लॉक में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुलबीर राणा, अजब सिंह और महीपाल वाल्मीकि ने किया। शिविर में कुल 141 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई। विभाग के अनुसार शिविर में मरीजों और उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संवाद किया गया।
अभियान के दौरान आयुष्मान भारत योजना समेत विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, अस्पतालों में उपलब्ध नई सुविधाओं, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, कैंसर और टीबी सहित विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग तथा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी आशाओं के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया, टीकाकरण, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा बच्चों की स्वास्थ्य जांच से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के माध्यम से भी लोगों को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड और नगरीय निकाय क्षेत्र में बहुउद्देशीय सेवा शिविर प्रस्तावित हैं। स्वास्थ्य मेले 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।








