शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारी बारिश के हाई अलर्ट को देखते हुए सहारनपुर पुलिस ने माता शाकंभरी देवी मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा एवं राहत अभियान चलाया। 25 सितंबर को थाना मिर्जापुर पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास मौजूद श्रद्धालुओं व दुकानदारों को मौसम की स्थिति तथा संभावित जलस्तर बढ़ने की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।
थाना प्रभारी मिर्जापुर के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं और दुकानदारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। नदी के आसपास खड़े वाहनों को भी हटवाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, ताकि बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी तरह का खतरा न हो।
नदी क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए वहां कार्यरत मजदूरों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके साथ ही निर्माण सामग्री और अन्य सामान को नदी क्षेत्र से हटवाया गया। पुलिस द्वारा मौसम और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षात्मक एवं राहत कार्रवाई की जा रही है।








