शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। बाबा बंशी वालों के सेवाभारती परिवार की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ मंगलवार को मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। यात्रा का शुभारंभ विपिन के प्रतिष्ठान से व्यापारी नेता पं. कल्याणदत्त शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इससे पूर्व धर्मध्वजा पूजन व्यापार मंडल अध्यक्ष मोल्हड़मल गर्ग ने किया। महंत सुशील शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित किया, जबकि योगेंद्र गर्ग ने आरती उतारी। विपिन सिंघल की ओर से प्रसाद वितरण किया गया। यात्रा में सबसे आगे धर्मध्वजा और ज्योति के साथ बैंड-बाजे चल रहे थे। इसके पीछे मुख्य यजमान प्रदीप गोयल सहित श्रद्धालु श्रीमद्भागवत महापुराण को शिरोधार्य किए हुए चल रहे थे। कथाव्यास आचार्य रजनीश और आचार्य श्रीकांत भी यात्रा में शामिल रहे।
बड़ी संख्या में महिलाएं मंगल कलश लेकर रामधुन गाते हुए चल रही थीं। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा के अंत में ठाकुर जी का रथ चल रहा था। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया।
प्रभा गार्डन में कथा के शुभारंभ से पूर्व मुख्य यजमान प्रदीप गोयल और योगेश गर्ग ने बाबा बंशी वालों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कथा व्यास आचार्य रजनीश का भी श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान रमेश मित्तल, गगन गर्ग, प्रदीप सैनी, सत्यपाल कश्यप, राजेश गर्ग, सोसिंह, संगीता गर्ग, राजनंदिनी, अनीता और वीणा देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।








