अमित कुमार
छुटमलपुर (सहारनपुर)। थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में शनिवार को मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी फतेहपुर प्रमोद कुमार सिंह के निर्देशन में एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मिथिलेश राठौर की अगुवाई में आयोजित सम्मेलन में महिला हेड कांस्टेबल नीरज, महिला कांस्टेबल दीक्षा, शुभांगी और चालक कांस्टेबल अंकित रस्तोगी ने महिलाओं से संवाद किया।
टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। साथ ही झूठी अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। बालिकाओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी देते हुए अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की समस्याएं भी सुनी गईं और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बाल कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। जागरूकता बढ़ाने के लिए महिलाओं और बालिकाओं को पंपलेट वितरित किए गए।








