मनोज धनगर
नकुड़। सहारनपुर जनपद के गांव झबीरण की बेटी और भारतीय धाविका प्राची चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया। प्राची ने फाइनल मुकाबले में 53.21 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में बहरीन की सलवा ईद नासेर ने 49.20 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि ईरान की जहरा जारेई मनूजान 52.38 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहीं। प्राची चौधरी के कांस्य पदक जीतने के बाद नकुड़ क्षेत्र और उनके गांव झबीरण में खुशी का माहौल है।
प्राची की इस उपलब्धि को सहारनपुर के लिए भी गौरव का क्षण माना जा रहा है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
प्राची चौधरी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर भारतीय एथलेटिक्स में पहचान बनाई है। एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और सहारनपुर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर रोशन किया।








