नई दिल्ली। देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों और व्यापारियों के लिए राहत की खबर है। बैंक कर्मचारियों की सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। भारतीय बैंक संघ और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हुई सकारात्मक बातचीत के बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही देशभर में बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है।
रविवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे भारतीय बैंक संघ और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में विभिन्न लंबित मांगों और बैंक कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया गया।
बैठक में सभी शनिवार को बैंक अवकाश करने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर विचार के लिए संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। यह समिति पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकल्पों पर विचार करेगी।
इसके अलावा स्केल चार और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना में बदलाव के मुद्दे पर भी बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है। संबंधित अधिकारियों की चिंताओं को सरकार के समक्ष रखने की दिशा में भी चर्चा की जाएगी। आठ मार्च 2024 की बैठक के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी बातचीत कर जल्द समाधान निकालने का निर्णय लिया गया।
यदि तीन दिवसीय हड़ताल होती तो सरकारी और ग्रामीण बैंकों के कामकाज पर व्यापक असर पड़ सकता था। चेक निकासी एवं भुगतान, नकद लेन-देन, ऋण संबंधी कार्य सहित कई बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। हड़ताल स्थगित होने के बाद ग्राहकों को इन परेशानियों से फिलहाल राहत मिल गई है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वार्ता में बनी सहमति के बाद प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम और तीन दिवसीय हड़ताल वापस ले ली गई है। ऐसे में बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज जारी रहेगा और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध होंगी।








