तेज बारिश से गंगोह पानी-पानी, सड़कों पर भरा पानी

कई मोहल्लों में जलभराव से राहगीर और वाहन चालक परेशान, दोपहिया वाहन बंद होने से लोगों को लगाना पड़ा धक्का

शहरी चौपाल ब्यूरो 

गंगोह। सोमवार को हुई तेज बारिश से नगर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों और गलियों में पानी भर जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जिन्हें लोगों को धक्का लगाकर निकालना पड़ा। कुछ दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया।

तेज बारिश के बाद नगर के मोहल्ला सराय पट्टी, शिव चौक, मेटाडोर स्टैंड, कांकराली मार्ग, मोहल्ला छत्ता और गुलाम औलिया समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। पानी भरने के कारण इन क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। मुख्य मार्गों और गलियों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ी।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश होते ही नगर की जलनिकासी व्यवस्था की खामियां सामने आने लगती हैं। कई स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब होने के कारण तालाब जैसी दिखाई देने लगती हैं। लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से प्रत्येक बारिश में उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नगर पालिका के ईओ लोकेंद्र सिंह ने बताया कि नगर में नालों और नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है। जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पालिका स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं।

हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की सफाई के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिल सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य