मोबाइल टावर के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन, निर्माण कार्य रुकवाकर धरने पर बैठीं

मोहल्ला चौधरियान में घनी आबादी और स्कूल के पास टावर लगाने का विरोध, एनओसी को लेकर भी उठे सवाल

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नकुड़ (सहारनपुर)। नगर के मोहल्ला चौधरियान में मोबाइल टावर लगाए जाने का मामला एक बार फिर गरमा गया। गुरुवार को टावर निर्माण के विरोध में दर्जनों महिलाओं ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर हंगामा किया और काम रुकवाकर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने घनी आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने का विरोध करते हुए इसे बच्चों और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला बताया।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि जिस स्थान पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, उसके आसपास घनी आबादी के साथ स्कूल भी है। महिलाओं ने मोबाइल टावर से निकलने वाले विकिरण को लेकर स्वास्थ्य संबंधी आशंकाएं जताते हुए कहा कि इससे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर आबादी के बीच मोबाइल टावर नहीं लगने दिया जाएगा।

हंगामे की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाकर शांत कराया। सभासद देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर मौजूद मोबाइल कंपनी के इंजीनियर से निकाय संबंधी एनओसी दिखाने को कहा, लेकिन इंजीनियर एनओसी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद स्थानीय लोगों ने टावर निर्माण की प्रक्रिया और आवश्यक अनुमति को लेकर सवाल उठाए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा आवश्यक अनुमति एवं मानकों की जांच के बाद ही टावर निर्माण की अनुमति देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि टावर लगाया जाना आवश्यक है तो उसे घनी आबादी से दूर स्थापित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी आशंका न रहे।

धरने पर पूर्व सभासद प्रेमलता कोरी, आयुष, सोनम, सचिन कुमार, पुष्पा, नीलम, अर्चना, सलोचना, शालू, सुमन, रंजीता, पूजा, राकेश समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य