फैय्याज अली आब्दी
शामली। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर थाना भवन विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सोमवार को मसावी-भैसानी स्थित इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की रैली आयोजित हुई। भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ता मैदान में डटे रहे और सांसद के पहुंचने का इंतजार करते रहे।
आजाद समाज पार्टी की ओर से राव मौसम अली को थाना भवन विधानसभा का प्रभारी बनाए जाने के बाद क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज किया गया है। प्रस्तावित रैली को लेकर कार्यकर्ता बारिश के बीच भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। चंद्रशेखर आजाद का काफिला मैदान में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया और उन्होंने नारे लगाकर उनका स्वागत किया। बारिश के कारण मैदान में पानी भरने के बावजूद कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।
रैली को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने क्षेत्र के विधायक को लेकर राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने जिस सोच और पार्टी के विरोध में मतदान कर विधायक चुना था, वह बाद में उसी पार्टी के खेमे में चले गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राव मौसम अली के समर्थन में काम करने की अपील की।
चंद्रशेखर आजाद ने राव मौसम अली के साथ अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मौसम राव ने नगीना क्षेत्र की सड़कों और गलियों में जाकर उनके लिए वोट मांगे थे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता मौसम राव को विधानसभा भेजने का काम करे।
अपने संबोधन में चंद्रशेखर आजाद ने रोजगार, महंगाई और युवाओं के मुद्दे उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश-प्रदेश का नौजवान रोटी, कपड़ा, मकान और रोजगार की बात करता है तो सरकार धार्मिक मुद्दों के जरिए उसका ध्यान भटकाने का प्रयास करती है। उन्होंने संभल और सहारनपुर की मस्जिदों से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
रैली में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।








