शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सोमवार को कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद मिला, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गेट खोलने की मांग करते हुए अंदर जाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, विरोध के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर चढ़कर अंदर जाने का प्रयास किया। मौके पर बढ़ते हंगामे के बीच पुलिस ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी समेत एक अन्य कार्यकर्ता को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस मनीष त्यागी को खींचते हुए मौके से ले गई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, हिरासत में लिए जाने के बाद मनीष त्यागी को पहले सदर थाने ले जाया गया और बाद में गागलहेड़ी थाने लाया गया। इसकी सूचना मिलते ही सांसद इमरान मसूद गागलहेड़ी थाने पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, चौधरी मुजफ्फर अली, वरुण शर्मा, प्रवीण चौधरी, नितिन शर्मा, गौरव वर्मा और मनीष सहगल समेत कई नेता व कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर रोष जताते हुए कहा कि पार्टी का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और इसके बावजूद महानगर अध्यक्ष को हिरासत में लिया गया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए तत्काल हस्तक्षेप और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस की ओर से यह भी कहा गया कि सांसद इमरान मसूद और अन्य नेताओं ने थाने पहुंचकर हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं के संबंध में पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के अनुसार तत्काल कोई समाधान नहीं निकलने से मामला और गरमा गया।
फिलहाल हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं के संबंध में पुलिस की ओर से कारणों और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।








