शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, गागलहेड़ी। थाना क्षेत्र की काली नदी पुलिस चौकी के पास चौराखुर्द गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक जली हुई कार के भीतर चालक सीट पर एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को कार समेत आग के हवाले किया गया है।
सुबह खेतों की ओर जा रहे किसानों ने चांदपुर मार्ग पर खेत के पास जली हालत में खड़ी ऑल्टो कार देखी। पास जाकर निरीक्षण करने पर चालक सीट पर एक शव जली अवस्था में मिला। किसानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल और क्षेत्राधिकारी सदर मुनीश चंद्र ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक चप्पल सड़क पर और दूसरी खेत में पड़ी मिली, जिससे घटना से पहले संघर्ष या अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि जली कार और शव से अब तक मृतक की पहचान से जुड़ा कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनी हुई है।










