वाहन हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, भाजपा शक्ति केंद्र संयोजक घायल

नगर पालिका सभासद समेत कई युवकों पर मारपीट और वाहन क्षतिग्रस्त करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नकुड़ (सहारनपुर)। कस्बे में सोमवार देर रात वाहन हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना में भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक शुभम सिंघल के घायल होने की बात सामने आई है। शुभम सिंघल ने थाने में तहरीर देकर नगर पालिका के एक सभासद समेत कई युवकों पर मारपीट करने, उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने और वाहन से भाजपा का झंडा उतारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोहल्ला महादेव निवासी शुभम सिंघल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात वह अपने 10 वर्षीय भतीजे के साथ पुराने बस स्टैंड की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी के आगे एक पिकअप वाहन खड़ा था, जिसमें चोकर उतारा जा रहा था। उन्होंने गाड़ी को साइड में लगाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शुभम सिंघल के अनुसार, उन्होंने जब इसका विरोध किया तो मौके पर मौजूद नगर पालिका के एक सभासद समेत कई अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया तथा गाड़ी पर लगा भाजपा का झंडा उतार दिया गया।

घटना के बाद शुभम सिंघल ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले लोग वहां से चले गए थे। पुलिस ने मौके पर जमा भीड़ को शांत कराया और घायल शुभम सिंघल को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा। इसके बाद उनसे थाने में तहरीर देने को कहा गया।

देर रात भाजपा नगर अध्यक्ष आलोक जैन समेत अन्य भाजपा नेता थाने पहुंचे और शुभम सिंघल की ओर से तहरीर दिलाई। भाजपा नेताओं ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना को दो समुदायों से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके चलते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और किसी भी प्रकार के तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए सतर्कता बरती।

वहीं, घटना के करीब 24 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में चर्चा बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि कुछ लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी समझौते की पुष्टि नहीं की गई है।

थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य