शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लेने की शिकायत के बाद गृहकर एवं जलकर अनुभाग की दूसरी श्रेणी की कर्मचारी सीमा को नगर आयुक्त शिपू गिरि ने आठ माह के भीतर दूसरी बार निलंबित कर दिया है। कर्मचारी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने के बाद नगर निगम स्तर से यह कार्रवाई की गई है।
नगर आयुक्त द्वारा जारी निलंबन आदेश के अनुसार गांव आसराखेड़ी निवासी श्रीकांत पुत्र मांगेराम ने कर्मचारी सीमा के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला कर्मचारी ने नगर निगम में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर उससे रुपये लिए। शिकायत के साथ शपथ पत्र भी नगर निगम में प्रस्तुत किया गया है।
नगर आयुक्त ने आदेश में कहा है कि शिकायत में लगाए गए आरोप कर्मचारी के आचरण से संबंधित हैं और इससे नगर निगम की छवि प्रभावित हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारी को निलंबित करने के साथ उसके विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
इससे पहले भी कर्मचारी सीमा को 29 जनवरी 2026 को निलंबित किया गया था। उस समय गांव मनोहरपुर निवासी मदन सैनी ने 21 जनवरी को नगर आयुक्त से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि महिला कर्मचारी ने नगर निगम में लिपिक पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे 4.40 लाख रुपये लिए हैं। शिकायतकर्ता ने रुपये दिए जाने से संबंधित साक्ष्य भी शपथ पत्र के साथ नगर निगम में प्रस्तुत किए थे।
अब एक अन्य शिकायत के आधार पर कर्मचारी के खिलाफ दोबारा निलंबन की कार्रवाई की गई है। विभागीय कार्रवाई के दौरान शिकायतों में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।








