शहरी चौपाल ब्यूरो
रामपुर मनिहारान। विधानसभा क्षेत्र रामपुर मनिहारान के ग्राम छिदबना में विधायक देवेंद्र निम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट जल जीवन मिशन के अंतर्गत नवनिर्मित पानी की टंकी का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि “प्यास बुझेगी हर आंगन की, शक्ति बढ़ेगी जन-जन की” के संकल्प के साथ अब ग्राम छिदबना के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीणों, विशेषकर माताओं और बहनों को पानी की किल्लत से राहत मिलेगी और जलजनित बीमारियों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति की इस नई व्यवस्था पर खुशी जताई और सरकार का आभार व्यक्त किया।








