शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वैश्य समाज की एकता, सामाजिक समरसता, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से वैश्य एकता मंच पैरामाउंट ट्यूलिप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अनिल गोयल को मंच का अध्यक्ष तथा प्रवीण गुप्ता को महामंत्री नियुक्त किया गया। उपस्थित समाज के लोगों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मंच सामाजिक एकता और सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
बैठक में पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी में महाराजा अग्रसेन जयंती 25 अक्टूबर को सामूहिक रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक चिंतन और समाज के प्रति उनके समर्पण को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वैश्य अग्रवाल सभा समन्वय समिति जनपद सहारनपुर के अध्यक्ष महावीर गुप्ता, प्रभारी सुनील गुप्ता, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता और पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता ने अग्रवाल धर्मशाला में 7 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने 11 अक्टूबर को निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा के लिए उपस्थित समाज के लोगों को आमंत्रित किया।
वक्ताओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन समाज में एकता, समानता, सेवा, सहयोग और भाईचारे का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाज की प्रगति के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर सेवा और सामाजिक उत्थान के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
इस अवसर पर अश्विनी सिंघल, वाकुल बंसल, विजय गुप्ता, पंकज गुप्ता, राहुल मित्तल, राजेंद्र भारती, विभु गुप्ता और श्याम सुंदर गुप्ता सहित अनेक समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलकर समाज में एकता, सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।








