शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पेड न्यूज की निगरानी और मीडिया प्रमाणन के लिए मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) का गठन किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी का पोर्टल भी सहारनपुर में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और सूचनाओं के लिए संचालित है।
कमेटी में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार डॉ. वीरेंद्र आजम तथा वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र चौहान को सदस्य नामित किया गया है। इनके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी तथा जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता को भी कमेटी में जिम्मेदारी दी गई है।
एमसीएमसी निर्वाचन अवधि के दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित समाचारों तथा राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों अथवा उनके समर्थकों की ओर से जारी विज्ञापनों की निगरानी करेगी। समिति यह भी देखेगी कि किसी सामग्री में पेड न्यूज की श्रेणी से संबंधित प्रकरण तो नहीं है और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता एवं मीडिया संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं। निर्वाचन के दौरान मीडिया मॉनिटरिंग और पेड न्यूज की निगरानी के लिए जिला स्तरीय एमसीएमसी का गठन निर्वाचन व्यवस्थाओं का हिस्सा है।
डॉ. वीरेंद्र आजम और सुरेंद्र चौहान इससे पहले भी लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान मीडिया निगरानी से जुड़ी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनके अनुभव को देखते हुए इस बार भी उन्हें कमेटी में शामिल किया गया है।
एमसीएमसी के गठन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया में प्रकाशित या प्रसारित राजनीतिक सामग्री और विज्ञापनों की निगरानी के साथ पेड न्यूज से जुड़े मामलों का परीक्षण करना है। इसके माध्यम से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मीडिया और राजनीतिक विज्ञापन संबंधी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।








