शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को सहारनपुर में विभिन्न सेवा, सम्मान एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के साथ विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की गई और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दिल्ली रोड में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री जसवंत सैनी मुख्य अतिथि तथा नगर विधायक राजीव गुम्बर विशिष्ट अतिथि रहे। इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, मोटर ट्राईसाइकिल, कान की मशीन सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट में विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शनी भी लगाई गई। छात्र-छात्राओं ने अपने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया। बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता की अतिथियों ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज में ‘आंगन उत्सव’ एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान किया गया। नई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिलाओं और बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया गया। साथ ही दो साड़ियों के लिए धनराशि खाते में भेजे जाने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रमों में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, महानगर प्रभारी अजय शर्मा, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, कार्यक्रम संयोजक योग चुग, अभियान संयोजक ललित कटारिया, महामंत्री नीलू राणा, मंत्री आरती शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री नूतन शर्मा, सारिका गुप्ता, मोनिका गांगियान, जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान, डिप्टी डायरेक्टर राजकुमार सिंह, डीपीओ दुर्गेश, सीपीडीओ सुनीता चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि सेवा केवल किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव है। अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने, बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और समाज के लिए कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करने का संदेश दिया जा रहा है।








