शहरी चौपाल ब्यूरो
चिलकाना। नव जनोदय इंटर कॉलेज में आज के परिप्रेक्ष्य में गांधी जी की प्रासंगिकता विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने गांधी जी के विचारों, सत्य, अहिंसा और उनके सिद्धांतों की वर्तमान समय में उपयोगिता पर अपने विचार रखे।
सीनियर वर्ग में सिद्धार्थ पाल ने प्रथम, अमरीन ने द्वितीय तथा उजैफा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में ईफत प्रथम, मानवी द्वितीय और शिखा तृतीय स्थान पर रहीं। छात्र सिद्धार्थ पाल ने कहा कि आज के समय में यदि गांधी जी होते तो सत्य और अहिंसा के माध्यम से समाज को सही दिशा देने का प्रयास करते।
शिक्षक सवित कुमार ने गांधी जी की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बदलते समय में भी गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांत समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
प्रधानाचार्य श्याम कुमार सैनी ने भाषण प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सुनील सैनी, पदम कुमार, बिजेंद्र सिंह मनोज सैनी और सवित कुमार ने निभाई। विजयी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।








