शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , नागल। इंद्रप्रस्थ कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत शिविर स्थल ग्राम कोलकी कला स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, ग्राम सचिवालय और अंबेडकर भवन परिसर में पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों द्वारा लगभग 35 पौधे रोपे गए। इसके साथ ही जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
ग्राम प्रधान ललित गोपाला ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष धरती का श्रृंगार हैं और प्रत्येक नागरिक को प्रतिवर्ष कम से कम 10 पौधे लगाने चाहिए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हरित आवरण में वृद्धि करना तथा विद्यार्थियों और ग्रामीणों में प्रकृति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
संस्था की निदेशक डॉ अंजु वालिया ने कहा कि वृक्ष मनुष्य जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में करीब 50 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। संचालन कार्यक्रम अधिकारी ब्रज नरेश ने किया तथा सहयोग अमित परमार का रहा। अंत में सभी ने “एक पेड़ – एक जीवन” और “आओ मिलकर शपथ उठाएं, हर आंगन में पेड़ लगाएं” जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।










