शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि का अंतरण किया गया। इसी क्रम में शनिवार को सहारनपुर में गुरु नानक इंटर कॉलेज में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों ने देखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने की। नगर विधायक राजीव गुम्बर और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि छात्रवृत्ति योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ एवं सबका विकास’ के तहत सभी जाति और वर्ग के पात्र विद्यार्थियों के खातों में समय से छात्रवृत्ति की धनराशि भेजी जा रही है।
नगर विधायक राजीव गुम्बर ने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों की सहायता की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना ने बताया कि छात्रवृत्ति वितरण के प्रथम चरण में जनपद के कुल 3214 विद्यार्थियों के बैंक खातों में 78,32,247 रुपये की धनराशि अंतरित की गई है। इनमें कक्षा 9-10 और कक्षा 11-12 के 1445 विद्यार्थियों के खातों में 23,52,172 रुपये, पिछड़ा वर्ग के 492 विद्यार्थियों के खातों में 15,62,216 रुपये तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 1277 विद्यार्थियों के खातों में 39,14,859 रुपये की धनराशि भेजी गई।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मानवीर सिंह पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. नीलू राणा, जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी साक्षी गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुमन गौतम, गुरु नानक इंटर कॉलेज के प्रबंधक सरदार जसवंत सिंह बत्रा और प्रधानाचार्य सरदार मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।








