श्रवण शर्मा
गंगोह (सहारनपुर)। शोभित विश्वविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 12 सप्ताह तक चलने वाली जागरूकता श्रृंखला के तीसरे सप्ताह नशा मुक्ति दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया।
नशा मुक्ति दौड़ को डीन हेल्थ साइंसेज प्रो. डॉ. रणजीत सिंह और प्राचार्य कुँवर शेखर विजेंद्र आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर प्रो. डॉ. विकास कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ की शुरुआत आयुष कैंपस से हुई, जहां से प्रतिभागियों ने आर्यभट्ट कैंपस तक दौड़ लगाकर कार्यक्रम को पूरा किया।
दौड़ के समापन के बाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. महिपाल सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
डीन हेल्थ साइंसेज प्रो. डॉ. रणजीत सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. विकास कुमार शर्मा और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. बूटा सिंह सिद्धू ने आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।








