शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। विभिन्न मांगों को लेकर आशा एकता संगठन के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्य बहिष्कार कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई गई। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन की जिलाध्यक्ष शशि राजपूत ने किया।
धरने के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें उनके कार्य के अनुरूप उचित मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर उन्हें अतिरिक्त विभागीय कार्य भी सौंपे जाते हैं। इन अतिरिक्त जिम्मेदारियों के लिए अलग से प्रोत्साहन राशि निर्धारित की जानी चाहिए। इसके अलावा कार्य के दौरान आशा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ दिए जाने की भी मांग उठाई गई।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद आशा एकता संगठन की ओर से मांगों से संबंधित ज्ञापन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. कपिल चौहान को सौंपा गया। संगठन ने मांगों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
इस दौरान सोनिया, भावना गुप्ता, बबीता, सुमन, लता, पूजा, सीमा, पूनम, संगीता शर्मा, गीता, पिंकी, अनीता, मंजू, राधा, रेखा, कुसुम, सुषमा, ममता, कल्पना समेत सैकड़ों आशा कार्यकर्ता और संगिनी मौजूद रहीं।








