शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नगर निगम की ओर से जीआईसी सभागार में रासलीला का आयोजन किया गया। राधा-कृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर की माताश्री एवं पूर्व सभासद संतोष सिंह तथा कार्यक्रम संयोजक पार्षद सुधीर पंवार की माताश्री शारदा पंवार ने राधा-कृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं रिबन काटकर किया।
सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में राधादास वसंत एवं अंकुश बाटला की जोड़ी ने श्रीकृष्ण के स्वरूप और उनकी लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। भजनों का सिलसिला शुरू होते ही पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण में डूब गया। छोटे बच्चों ने महाभारत के विभिन्न दृश्यों का मनमोहक चित्रण प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सहसंयोजक संजय फुटेला ने मेला गुघाल की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
राधा-कृष्ण की झांकी पर महापौर डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुम्बर, पूर्व सभापति मुकेश गक्खड़, व्यापारी नेता राजकुमार मक्कड़, मेला संयोजक संजय सैनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, सीनियर वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष केएल अरोड़ा और महिला नेत्री सरोज शर्मा ने पुष्पवर्षा की। इस दौरान सभागार राधे-कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम संयोजक सुधीर पंवार एवं सहसंयोजक संजय फुटेला ने महापौर डॉ. अजय कुमार, राजीव गुम्बर, एससी-एसटी आयोग के सदस्य महीपाल वाल्मीकि, मुख्य अतिथि पूनम अरोड़ा, मेला संयोजक संजय सैनी समेत अतिथियों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन रवि जुनेजा ने किया। इस अवसर पर नूतन शर्मा, रेखा रोहिला, प्रवेश धवन, अल्पना तलवार, रीटा सिंह, नीरज शर्मा, सोपिन पाल, नितिन जाटव सहित अनेक पार्षद और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।








