शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पटेल नगर स्थित नव-निर्मित पार्क का नाम अमर शहीद भाई मती दास जी की शहादत की स्मृति में रखा गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों एवं समाज के लोगों ने अमर हुतात्मा भाई मती दास जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग, तपस्या और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वार्ड 40 के पार्षद एवं सेवादार सरदार राजेंद्र सिंह कोहली ने कहा कि भारत माता और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों की देश में सुदीर्घ परंपरा रही है। उन्होंने महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के प्रयासों से नव-निर्मित पार्क का नाम अमर शहीद भाई मती दास जी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को महान शहीदों के इतिहास और उनके बलिदान से परिचित कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आगामी 9 नवंबर को पार्क में विशेष गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। रवि बख्शी ने कहा कि भाई मती दास जी और भाई सती दास जी का त्याग एवं बलिदान धर्म और मानवता की रक्षा के लिए सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। शक्ति महिला मंडल की अध्यक्ष शालिनी चावला ने कहा कि महान शहीदों ने धर्म और मूल्यों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहकर अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके इतिहास से नई पीढ़ी को अवगत कराना हम सभी का दायित्व है। मुकेश दत्ता ने कहा कि शहीदों के सरताज भाई मती दास जी के नाम पर पार्क का नामकरण होना गौरव की बात है। गुरु तेग बहादुर स्कूल के प्रबंधक सरदार सतविंदर सिंह माकन ने कहा कि नवम पातशाही श्री गुरु तेग बहादुर जी के दीवान भाई मती दास जी ने धर्म की रक्षा के लिए मृत्यु को स्वीकार किया, लेकिन अपने सिद्धांतों से विचलित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर समाजसेवी राणा सिंधु, प्रदीप भाटिया, सरदार हरभजन सिंह कलसी, संजीव पंवार, दिनेश दत्ता, जोली भारती, संजय दत्ता, रिंकू, आयुष दत्ता, सतीश चड्ढा, पूनम दत्ता, ललिता दत्ता, हर्ष, विनय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।








