शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी ने सहारनपुर के युवा नेता गौरव गर्ग को प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय गौरव गर्ग के अनुभव, निष्ठा और मीडिया प्रबंधन में योगदान को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। गौरव गर्ग पिछले कई वर्षों से भाजपा के मीडिया प्रबंधन से जुड़े रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी की गतिविधियों और नीतियों को प्रभावी ढंग से मीडिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संवाद कौशल और संगठन के प्रति सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी दी है। गौरव गर्ग को प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने की जानकारी मिलते ही सहारनपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में मेहनत और निष्ठा को सम्मान मिलने वाला निर्णय बताते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौरव गर्ग की नियुक्ति से सहारनपुर को प्रदेश संगठन में मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है। नई जिम्मेदारी के बाद गौरव गर्ग प्रदेश स्तर पर भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से रखने में भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








