श्रवण शर्मा
गंगोह। आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्र महोत्सव को लेकर नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। नवरात्र नजदीक आते ही बाजार मां दुर्गा की सुंदर और आकर्षक प्रतिमाओं से सज गए हैं। पैंठ बाजार, मेन रोड और शिव चौक सहित विभिन्न स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की दुकानें लग गई हैं।
दुकानों पर छोटी से लेकर बड़ी आकार की विभिन्न प्रकार की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दुकानदारों के अनुसार प्रतिमाओं की कीमत 50 रुपये से लेकर करीब एक हजार रुपये तक है। श्रद्धालु अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार प्रतिमाओं की खरीदारी कर रहे हैं।
10 अक्टूबर को पितृपक्ष संपन्न होने के बाद श्रद्धालु विधि-विधान से घरों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित करेंगे। इसके बाद नौ दिनों तक मां भगवती की पूजा-अर्चना और व्रत रखे जाएंगे। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आ रहा है। वहीं, नगर के मंदिरों में भी साफ-सफाई और सजावट सहित अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।








