Saharanpur News: यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसे के बाद अलर्ट, 260 से अधिक बसों की जांच में 70 में मिलीं कमियां

यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसे के बाद सहारनपुर में बसों की विशेष चेकिंग शुरू हुई। 260 से अधिक बसों की जांच में करीब 70 में सुरक्षा संबंधी कमियां मिलीं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत के बाद सहारनपुर में परिवहन, पुलिस, यातायात और फायर विभाग अलर्ट हो गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हरिद्वार हाईवे और विभिन्न टोल प्लाजा पर संयुक्त टीमों द्वारा बसों की विशेष चेकिंग की जा रही है। अभियान के दौरान निजी और रोडवेज समेत 260 से अधिक बसों की जांच की गई, जिनमें करीब 70 बसों में किसी न किसी तरह की कमी सामने आई।

चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने बसों में इमरजेंसी गेट, आपातकालीन खिड़कियां, फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की जांच की। विशेष रूप से यह देखा गया कि इमरजेंसी गेट के आसपास यात्रियों का सामान तो नहीं रखा गया है। जांच में कुछ बसों में जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं मिले, जबकि कई बसों में इमरजेंसी गेट के पास सामान रखा मिला। कुछ बसों के पीछे लगे आपातकालीन गेट भी ठीक से नहीं खुल रहे थे।

सुरक्षा मानकों में कमियां मिलने पर बस संचालकों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई। वहीं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुछ वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश बसों में सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं।

चेकिंग अभियान के दौरान यात्रियों को भी आपात स्थिति में सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। यात्रियों से अपील की गई कि बस में बैठने के बाद वे इमरजेंसी गेट, आपातकालीन खिड़की और फायर एक्सटिंग्विशर की स्थिति जरूर देख लें, ताकि किसी अप्रिय स्थिति में तत्काल सुरक्षित बाहर निकलने में मदद मिल सके।

गौरतलब है कि 23 सितंबर की देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद बसों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। हाईकोर्ट द्वारा मामले का संज्ञान लेकर जांच के आदेश दिए जाने के बाद परिवहन और पुलिस विभाग ने बसों की सुरक्षा जांच तेज कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी बसों की चेकिंग जारी रखी जाएगी। साथ ही यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। आरटीओ और रोडवेज अधिकारियों के समन्वय से बस चालकों एवं परिचालकों को फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बसों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य