शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वोट चोरी के विरुद्ध प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के आवाहन पर दिल्ली में संसद से निर्वाचन सदन तक के मार्च में भाग लेने के लिए जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा व महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसजनों को दिल्ली के लिए कूच करना था, लेकिन कल शाम से ही सहारनपुर पुलिस ने कांग्रेस के पदाधिकारी एवं नेताओं को उनके घरों में हाउस अरेस्ट करने का सिलसिला शुरू कर दिया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा के बेहडा संदल सिंह गांव स्थित निवास पर पुलिसबल ने रविवार रात्रि से ही डेरा डाल रखा है, लेकिन बाहर होने के कारण पुलिस उन्हें हाउस अरेस्ट नहीं कर सकी, लेकिन इन सभी प्रशासनिक प्रतिबंधों के बावजूद आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा अपने सैकड़ों साथियों सहित दर्जनों गाड़ियों का काफिला लेकर दिल्ली पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन में सहारनपुर की जोरदार भागीदारी दर्ज कराई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता हमजा मसूद, सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा, डॉ रागिब अज्जूम, डॉ मोनिस खान, रजनीश प्रधान रण्डौल, भानु प्रताप सिंह राणा, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष शेखर चैधरी, नितिन राणा, पवन राणा आदि समस्त साथियों के साथ दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर बस में बैठकर ले गई। साथियों सहित दिल्ली पहुंचने वाले कांग्रेसजनों में पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी, अक्षय चैधरी, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा, सेवादल जिला अध्यक्ष अमित शर्मा, एससी एसटी विभाग के जिलाध्यक्ष मुनीष सहगल आदि शामिल हैं। रविवार से कांग्रेस के पूर्व विधायक मसूद अख्तर जब साथियों के साथ दिल्ली जाने की तैयारी में थे, तो उनके आवास पर थाना कुतुबशेर पुलिस ने आकर उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया और कुछ ही साथ ही किसी तरह दिल्ली के लिए कूच कर सके। हाउस अरेस्ट किए गए कांग्रेसजनों में पूर्व विधायक मसूद अख्तर, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चैधरी मेहरबान आलम, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, एससीएसटी विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल, महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी हरिओम मिश्रा आदि के नाम मुख्य रूप से शामिल है। जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने इसे भाजपा सरकार की दमनकारी नीति बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार राहुल गांधी और उनके बब्बर शेरों से घबराकर लोकतंत्र का गला घोट रही है। उन्होंने कहा कि भजपा सरकारों को आईना दिखाने वाली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार गैरसंवैधानिक तरीके से हाउस अरेस्ट करके उन्हें दिल्ली जाने से रोक रही है। गणेश दत्त शर्मा ने कहा कि ज्ञानेश कुमार की विदाई तो तय है ही, साथ ही देश में लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए केंद्र की मोदी सरकार का जाना भी अब पूरी तरह से तय है और जनता इनके षडयंत्रों की सजा इन्हें अवश्य देगी।








