शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगरायुक्त के निर्देश पर नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने भारत माता चौक से पुरानी चुंगी तथा पुल जोगियान से पुल खुमरान तक अभियान चलाकर 50 से अधिक स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों के चालान किए गए और साढ़े पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
जोन एक प्रभारी एवं सहायक नगरायुक्त जेपी यादव के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क पर रेत-बजरी फैलाकर रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा सड़क पर लकड़ी की चौखट और फर्नीचर रखने तथा ढाबों के बाहर तंदूर लगाकर अतिक्रमण करने वालों के भी चालान किए गए।
नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की अपील की। अभियान में प्रवर्तन दल के रणदीप सिंह, विक्रम सिंह, शिवकुमार, अमित कुमार, नितिन सिंह, विकास कुमार और मेहरबान अली सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।








