शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। नगर में रामलीलाओं का मंचन लगातार जारी है। बुधवार रात शिव चौक पंचायती धर्मशाला स्थित रामलीला में श्रवण मरण की मार्मिक लीला का मंचन किया गया, जबकि सराय स्थित रामलीला में राम-सीता जन्म की लीला प्रस्तुत की गई। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में दर्शक लीला देखने पहुंचे।
शिव चौक पंचायती धर्मशाला की रामलीला में श्रवण कुमार की भूमिका में कुमार फौजी ने अपने भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों को भावुक कर दिया। श्रवण के मरण के बाद उनके माता-पिता के विलाप का दृश्य भी बेहद मार्मिक रहा। दशरथ की भूमिका में रमेश मित्तल, शांतनु के रूप में नितिन गोयल और ज्ञानवती की भूमिका में नवीन पांचाल के अभिनय को दर्शकों ने सराहा।
इसी दौरान रावण की भूमिका में मनोज गोयल ने भी प्रभावी अभिनय किया। रावण द्वारा धार्मिक कार्य बंद करने का आदेश दिए जाने पर लंका के ऋषि-मुनियों में हाहाकार मचने का दृश्य दर्शकों को खूब पसंद आया। रामलीला शुरू होने के साथ ही प्रतिदिन दर्शकों की संख्या बढ़ रही है।
उधर सराय स्थित रामलीला में राम-सीता जन्म की लीला का मंचन किया गया। लीला का उद्घाटन श्री शिव दुर्गा जागरण कमेटी ने किया। इसमें दशरथ की भूमिका पवन सैनी, जनक की सुमित सैनी, रावण की मांगेराम सैनी, शिव की डॉ. बिट्टू प्रजापति और नंदी की भूमिका वेद प्रकाश ने निभाई।








