शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। शारदीय नवरात्र के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और बिना लाइसेंस मीट बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए मिर्जापुर थाना पुलिस ने अभियान चलाया। आठ अक्टूबर को अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर मुर्गे का मीट बेचने वाले 28 विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, मीट काटने के बाद उसके अवशेष और गंदगी खुले में फेंके जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी होने के साथ ही संक्रमण फैलने की आशंका और आपसी तनाव की स्थिति उत्पन्न होने का अंदेशा था। इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न गांवों में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 272 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों का संबंधित धाराओं में चालान कर एसडीएम बेहट के न्यायालय में पेश किया गया। अभियान का उद्देश्य बिना लाइसेंस मीट बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने से रोकना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार के अलावा उपनिरीक्षक अवशेष भाटी, नरेश कुमार, राजबीर, अमरदीप तथा कांस्टेबल दीपक कुमार और पंकज कुमार शामिल रहे।








