गय्युर मलिक
बेहट (सहारनपुर)। जिले में संचालित 102/108 एंबुलेंस सेवा को बेहतर बनाने और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से अधिकारियों ने एंबुलेंस का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक संसाधनों और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जांच कर कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रोग्राम मैनेजर जयविंदर सिंह और ईएमएलसी शैलेंद्र सिंह ने एंबुलेंस में उपलब्ध स्ट्रेचर, ऑक्सीजन सिलेंडर, चिकित्सा उपकरणों तथा अन्य जरूरी सामग्री की उपलब्धता और कार्यशीलता का जायजा लिया। इसके साथ ही एंबुलेंस की साफ-सफाई, रखरखाव, कर्मचारियों की उपलब्धता और संचालन व्यवस्था की भी जांच की गई।
इस दौरान ईएमटी संजय कुमार और पायलट मोहम्मद साजिद मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को एंबुलेंस के संचालन और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी।
प्रोग्राम मैनेजर जयविंदर सिंह ने कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया। वहीं, ईएमएलसी शैलेंद्र सिंह ने तकनीकी एवं चिकित्सा सुविधाओं की जांच करते हुए निर्देश दिए कि एंबुलेंस में सभी जरूरी उपकरण और चिकित्सा सामग्री हर समय उपलब्ध एवं कार्यशील रहनी चाहिए।
अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि एंबुलेंस को 24 घंटे आपातकालीन सेवा के लिए तैयार रखा जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में मरीजों को समयबद्ध चिकित्सा सहायता देना प्राथमिकता है। इसके लिए एंबुलेंस की नियमित साफ-सफाई, उपकरणों की जांच और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य 102/108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्थाओं का आकलन करना, संभावित कमियों को दूर करना और मरीजों को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा।








