Saharanpur News : शाकंभरी देवी मेले की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने दिए सुरक्षा और सुविधाओं के निर्देश |

सहारनपुर में 11 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बैठक की। श्रद्धालुओं के लिए 10 ई-रिक्शा, सात पार्किंग स्थल, सुरक्षा, सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के निर्देश दिए गए।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर। मां शाकंभरी देवी के शारदीय नवरात्रि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 11 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के बाद अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। व्यवस्थाओं में कहीं भी कमी दिखाई देने या किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि मां के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सेवा को केवल ड्यूटी न समझकर सौभाग्य मानें और उनके साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करें।

गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को मिलेगी सुविधा

जिलाधिकारी ने बताया कि खोह क्षेत्र में भूरादेव मंदिर से मां शाकंभरी देवी मंदिर तक गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 ई-रिक्शा संचालित की जाएंगी। इससे ऐसे श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत मिलेगी। सभी विभागों के नोडल अधिकारी वॉकी-टॉकी के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में रहेंगे, जिससे किसी भी समस्या की सूचना तत्काल साझा कर उसका समाधान किया जा सके।

सात पार्किंग स्थलों पर लगेंगी रेट लिस्ट

मेले में छोटे और बड़े वाहनों की पार्किंग के लिए सात स्थान निर्धारित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पार्किंग स्थलों पर शुल्क सूची और सूचना संबंधी साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। पार्किंग शुल्क प्रति चक्कर के आधार पर लिया जाए, प्रति घंटे के हिसाब से नहीं। यातायात व्यवस्था बाधित न होने पाए और सड़क पर दुकानें न लगने दी जाएं। उन्होंने बैरिकेडिंग को व्यवस्थित और मजबूत रखने के निर्देश देते हुए कहा कि वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहनी चाहिए।

सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शौचालयों में 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और उनकी नियमित सफाई कराई जाए। बिजली, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि लेटकर यात्रा करते हुए आने वाले श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो। मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं इस तरह बनाई जाएं कि श्रद्धालु सुविधापूर्वक दर्शन कर सकें और अपने साथ अच्छा अनुभव लेकर लौटें।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर एसएसपी ने दिए निर्देश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने कहा कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मोड़ों और टर्निंग प्वाइंट पर आवश्यकतानुसार बैरियर लगाए जाएं तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनें, जिससे कम रोशनी में भी उनकी दृश्यता बनी रहे। श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं देने के लिए उद्घोषणा प्रणाली को प्रभावी रखा जाए।

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सतर्क रहने तथा किसी भी परिस्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए स्थानीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी टीम भावना से काम करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एसपी ग्रामीण मयंक पाठक, एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य