शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली, चौसाना। उत्तर प्रदेश जल निगम की कथित लापरवाही के चलते कस्बे में पेयजल संकट गहरा गया है। थाना भवन रोड पर रिपेयर कार्य के दौरान मुख्य पाइपलाइन टूटने से पूरे गांव की जलापूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों के अनुसार पानी की टंकी लगभग आठ दिन से बंद है, जिससे 10 हजार से अधिक आबादी प्रभावित है।
ग्रामीणों ने बताया कि 19 फरवरी से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है। 18 फरवरी को केवल एक दिन पानी आया, जबकि उससे पहले तीन दिन तक लीकेज मरम्मत के कारण टंकी बंद रही। रविवार को पाइपलाइन ठीक करने के लिए मिस्त्री पहुंचे थे, लेकिन जहां चार फुट का पाइप लगना था, वहां विभाग की ओर से मात्र डेढ़ फुट का टुकड़ा उपलब्ध कराया गया, जिससे मरम्मत अधूरी रह गई।
कर्मचारी दोबारा डेढ़ फुट का पाइप लेकर पहुंचे, लेकिन वह भी फिट नहीं हो सका। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सही आकार का पाइप उपलब्ध नहीं होगा, तब तक मरम्मत संभव नहीं है। ग्रामीणों ने जेई अरविंद कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
रमजान में बढ़ी परेशानी
रमजान माह के चलते संकट और गंभीर हो गया है। लोगों को पीने के पानी, खाना बनाने और घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी से दुकानदारों की रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

बाबर हुसैन ने बताया कि पानी न मिलने से घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। लाला कालू राम ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए पीने का पानी जुटाना बड़ी चुनौती बन गया है। राकेश कुमार के अनुसार दुकानदारों को भी पानी के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बशारत अली ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बिना समाधान के उसे निस्तारित दिखा दिया गया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पाइपलाइन दुरुस्त कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।









