फैय्याज अली आब्दी
नानौता। नगर में 100वीं श्रीरामलीला के पावन अवसर पर श्रीराम बारात धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रक्षा नामदेव और वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक नामदेव ने संयुक्त रूप से बारात का शुभारंभ किया। श्रीराम बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान श्रीराम के दर्शन कर बारात का भव्य स्वागत किया। आकर्षक झांकियों और धार्मिक उत्साह से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रक्षा नामदेव ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और आदर्शों का प्रतीक है। उनके जीवन से प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने का संदेश दिया। आज की पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में एकता, सद्भाव और संस्कारों को बढ़ावा देना चाहिए।
वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक नामदेव ने श्रीरामलीला कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर श्रीरामलीला और श्रीराम बारात का आयोजन सराहनीय है। उन्होंने बारात के दौरान प्रस्तुत की गई सुंदर एवं आकर्षक झांकियों की प्रशंसा की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
नगर में 100वीं श्रीरामलीला के अवसर पर आयोजित श्रीराम बारात को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
इस दौरान योगेश गुप्ता, मुकेश पराशर, अरविंद गर्ग, पुष्पेंद्र भटनागर, रोबिन जैन, नवनीत शर्मा, तरुण जैन, राजकुमार कालड़ा, सुरेंद्र वर्मा, अमित गर्ग, नक्कल सैनी, दर्शन लाल किन्द्रा, राजेंद्र गोत्रे, हनुमत राणा, अंकित नामदेव, हैप्पी नारंग, शिवम अग्रवाल, विजय कपिल, कंवर सैन जैन, मुनिराज गर्ग, दिनेश पुंडीर, सोनू वर्मा और गणेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे।








