शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। न्याय पंचायत स्तर पर बेसिक परिषदीय विद्यालयों की मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय टाबर के मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत टाबर के करीब एक दर्जन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पीएम श्री विद्यालय नकुड़ और उच्च प्राथमिक विद्यालय टाबर के विद्यार्थियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में 50 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय नकुड़ नंबर-2 के अलीशान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में मंदौर की देविका प्रथम रहीं। 100 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय टाबर के युवराज और प्राथमिक विद्यालय नकुड़ नंबर-2 की आसफा ने प्रथम स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में पीएम श्री विद्यालय नकुड़ की महक और टाबर के कन्हैया ने बाजी मारी।
400 मीटर दौड़ में पीएम श्री विद्यालय नकुड़ के अब्दुल्ला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में पीएम श्री नकुड़ के तोहिद और अनम ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कुश्ती प्रतियोगिता में हैदर और आमिर ने जीत दर्ज की। लंबी कूद में लतीफपुर के अर्जुन, सरूरपुर तगा की राशि और पीएम श्री नकुड़ के आमिर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
टीम स्पर्धाओं में खो-खो में पीएम श्री विद्यालय नकुड़ और प्राथमिक विद्यालय ककराला की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कबड्डी में पीएम श्री विद्यालय नकुड़ और टाबर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पंकज तंवर, सुशील कुमार, श्रीपाल, प्रदीप कुमार, विजय पाल, अनुज कुमार, राजेश जैन, देवेंद्र और यश मिश्रा आदि ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन हरिदत्त शर्मा ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना रहा।








