अमित कुमार
छुटमलपुर (सहारनपुर)। छुटमलपुर क्षेत्र में कीटनाशक, बीज और कृषि दवाइयों की दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, अग्निकांड में करीब 30 से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप सैनी की दृष्टि एग्रो इनपुट के नाम से सीड्स एवं पेस्टिसाइड की दुकान है। रविवार सुबह करीब छह बजे उन्हें सूचना मिली कि दुकान से धुआं निकल रहा है। वह मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर से आग की लपटें उठ रही थीं। आग विकराल रूप ले चुकी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा कीटनाशक, बीज, कृषि दवाइयों के पैकेट और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था। दुकान में सामान रखने के लिए लगाई गई लोहे की रैक भी आग की तपिश से टेढ़ी हो गईं, जबकि दीवारों पर कालिख जम गई। अग्निकांड के बाद दुकान में भारी नुकसान दिखाई दिया।
पीड़ित दुकानदार संदीप सैनी ने बताया कि दुकान में विद्युत कनेक्शन नहीं है और बिजली की जरूरत सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरी की जाती है। इसके बावजूद दुकान में आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि आग में उनका सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया और शुरुआती आकलन के अनुसार करीब 30 से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दुकानदार ने घटना के संबंध में थाना फतेहपुर में तहरीर दी है। पुलिस और दमकल विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








