शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों और किराना दुकानों का निरीक्षण करते हुए 10 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इनमें व्रत में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के साथ किशमिश, चौलाई, समा के चावल, सेंधा नमक तथा मौसमी का जूस भी शामिल है।
सहायक आयुक्त खाद्य चमन लाल के नेतृत्व में और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता की मौजूदगी में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान गंगोह रोड स्थित रोजाना रूरल कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से गृहलक्ष्मी ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। इसके अलावा देवबंद, नानौता, रामपुर मनिहारान, गंगोह और सराय रोड क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से भी विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, एकत्र किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए निगरानी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों तक जांच अभियान जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थ मिल सकें।








