शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर में शनिवार को श्रीरामलीला कमेटी रजिस्टर्ड की ओर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के विवाह के उपलक्ष्य में भव्य बारात निकाली गई। चिलकाना रोड स्थित श्रीरामलीला भवन से दोपहर 3:30 बजे शुरू हुई बारात में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बारात का मुख्य आकर्षण उज्जैन से आई बाबा महाकाल, बाबा मनकेश्वर, मां हरसिद्धि और कालभैरव की टीम रही। इनके दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी।

बारात का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय गर्ग ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया। शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान श्रीराम का ध्वज, रणसिंघे और श्रीरामलीला कमेटी का बैनर चल रहा था। आकर्षक रेहड़ी पर भगवान गणेश की मनमोहक झांकी सजाई गई थी। अयोध्या के सैनिकों की वेशभूषा में घोड़ों पर सवार कलाकार भी बारात की शोभा बढ़ा रहे थे। बाहर से आए और सहारनपुर के प्रसिद्ध बैंडों सहित कुल 10 बैंड धार्मिक भजनों की मधुर धुनें बजा रहे थे। भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए।
बारात में शामिल 20 आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। भरत और शत्रुघ्न जयपुर से आए हाथी पर सवार होकर चले, जबकि महाराज दशरथ और अयोध्या की महारानियां रथों पर सवार थीं। नासिक ढोल पार्टी और मेरठ की जयकिशोर शहनाई पार्टी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से धार्मिक वातावरण को और आकर्षक बनाया।
उज्जैन से आई बाबा महाकाल, बाबा मनकेश्वर, मां हरसिद्धि और कालभैरव की टीम बारात का विशेष आकर्षण रही। श्रद्धालु उनकी पालकी के दर्शन करने और उसे कंधा देने के लिए उत्साहित दिखाई दिए। बाबा महाकाल के हाथी पर वैदिक विद्वान आचार्य किरण जी महाराज भी सवार थे। हाथी के सारथी दीपक सैनी बने। वहीं, भगवान श्रीराम और लक्ष्मण गुरु विश्वामित्र के साथ सबसे पीछे रथ पर सवार होकर चल रहे थे। इस रथ के सारथी बनने का अवसर विनोद वर्मा सर्राफ को मिला।
बारात श्रीरामलीला भवन चिलकाना रोड से शुरू होकर रामलीला चौक, भगत सिंह चौक, मोरगंज बाजार, चौक फव्वारा, नया बाजार, सर्राफा बाजार और हलवाई हट्टा पहुंची। यहां भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की सेवल आरती की गई। इसके बाद बारात भगवती सीता माता को साथ लेकर दीनानाथ बाजार और बड़तला यादगार होते हुए वापस रामलीला चौक के रास्ते श्रीरामलीला भवन पहुंची।
इस अवसर पर कमेटी के प्रधान विनय जिंदल, मंत्री आलोक अग्रवाल, मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग, उत्सव संचालक सचिन गोयल, कोषाध्यक्ष सौरभ मित्तल, सह उत्सव संचालक कपिल कंसल, अनिल गर्ग, रंगमंच निर्देशक नीरज गर्ग, अमित गर्ग, वरिष्ठ उपप्रधान चौधरी माईदयाल मित्तल, पवन गोयल, वरिष्ठ उपमंत्री अमित सिंघल, कार्यालय सचिव मनोज गुप्ता, मुकेश सिंघल, हितेश गर्ग, संजय करणवाल, विश्वनाथ गोयल, मनुज तायल, अनुज तायल, अनिल अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, विभोर जिंदल, कमल चौरसिया, नवीन माहेश्वरी, अनिल चौहान, सन्नी प्रधान, नवीन गुप्ता (बाबी), मोहित शर्मा और संजीव शर्मा सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
बारात के आयोजन में नगर कोतवाली और मंडी थाना पुलिस सहित प्रशासनिक टीम का सहयोग रहा। कमेटी ने आयोजन में सहयोग करने वाले पत्रकारों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।








