Saharanpur News: मां शाकंभरी देवी नवरात्रि मेले का शुभारंभ, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्रि मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तीन जोन, 16 सब-सेक्टर, सात पार्किंग स्थल और 10 ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है।

गय्युर मलिक 

सहारनपुर। सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में रविवार को शारदीय नवरात्रि मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने विधि-विधानपूर्वक फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, विधायक किरत सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने श्रद्धालुओं को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां शाकंभरी देवी का पावन धाम श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र है। मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मां से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मेले में सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं से बातचीत की और व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र को तीन जोन और 16 सब-सेक्टरों में विभाजित किया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी और महिला पुलिस की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा पुलिस सहायता केंद्र, खोया-पाया केंद्र, मिशन शक्ति केंद्र और क्विक रिस्पॉन्स टीमों की व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सात पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भूरा देव मंदिर से मां शाकंभरी देवी मंदिर तक 10 ई-रिक्शा संचालित किए जा रहे हैं। लेटकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मैट तथा बैठने के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है।

मेला परिसर में स्वास्थ्य केंद्र, अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन तैनात हैं। संभावित बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी संबंधित टीमों को तैयार रखा गया है। पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश और विद्युत व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराने के निर्देश दिए हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य